होम रहन-सहन एवं ज्ञान #विधि दर्शन (भाग I): जयपुर

#विधि दर्शन (भाग I): जयपुर

1754
0

अभी सितम्बर का महीना शुरु हुआ है और राजस्थान के न्यायालयों में आने वाले वकीलों के लिए मौसम अपेक्षाकृत बेहतर है। फिर भी, मुझे गर्मी का अहसास हो रहा था । हालांकि अन्य वकीलों ने मुझे यह बताया है कि मैं यहाँ एक अच्छे समय पर आया हूं क्योंकि देश के इन हिस्सों में गर्मियां अत्यंत प्रचंड रूप धारण करती हैं।

राजस्थान उच्च न्यायालय की खंडपीठ का जयपुर में स्थित शहर के मानक गुलाबी रेतीले पत्थर से बना है और यह अपने आस-पास के परिवेश के साथ भली-भांति मेल खाता है । जबकि पुराने भवन का प्रयोग आज अनेक अधिवक्तओं के कक्षों के रूप में किया जा रहा है, उसी परिसर में स्थित नया भवन बदलते हुए समय का संकेत देता है ।

इन बदलावों में से एक है, प्रवेश द्वार पर मौजूद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था । यहां पर बिना किसी चूक के अधिवक्ताओं के अधिवक्ता परिषद पहचान-पत्रों की जांच की जाती है । यहां तक कि परिवादियों के लिए भी अनिवार्य है कि वे यह सिद्ध करने के लिए दस्तावेज प्रस्तु करें कि उस दिन उनके मामलों की सुनवाई हो रही है, जिसका अर्थ यह है कि आम जनता न्यायालय की कार्यवाहियों में भाग नहीं ले सकती है । पुराने भवन के विपरीत, नए भवन में चौड़े गलियारे तथा वातानुकूलित न्यायालय कक्ष हैं । आजकल ये गलियारे युवा अधिवक्ताओं से भरे रहते हैं।

उच्च न्यायालय के न्यायाधीश उनके समक्ष पेश होने वाले युवा वकीलों को देखकर अत्यंत प्रसन्न होते हैं।

इसका एक कारण संभवत: यह है कि बुजुर्ग पीढ़ी (वरिष्ठ अधिवक्ताओं को छोड़कर) प्राय: अपने मामलों को एक अनौपचारिक तरीके से पेश करती है। युवा वकील जिनके पास अंग्रेजी का ज्ञान कहीं बेहतर होता है तथा वे न्यायालय के शिष्टाचार में प्रशिक्षित होते हैं, न्यायाधीशों को अत्यधिक पंसद आते हैं। संभवत: यदा-कदा 'यूअर लार्डशिप' कहलाने में उन्हें प्रसन्नता का अनुभव भी होता है।

जैसे ही मैंने परिसर में प्रवेश किया, मैंने देखा कि सभी आयु वर्गों के वकील एक न्यायालय कक्ष से दूसरे कक्ष में तेजी से आ जा रहे हैं। मुझे बताया गया कि गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में अवकाश घोषित होने के कारण पिछले दिन के मामलों को भी आज के मामलों में शामिल कर दिया गया है। एक अधिवक्ता ने इस प्रशासनिक चूक पर खेद व्यक्त करते हुए सुझाव दिया कि ऐसे मामलों को स्पष्ट करने के लिए 'पूर्ण न्यायालय' बैठक आयोजित की जानी चाहिए थी।

न्यायाधीश भी इस स्थिति से खिन्न प्रतीत हुए।

एक न्यायालय कक्ष तो अत्यंत अस्त-व्यस्त परिस्थिति की जीती-जागती तस्वीर थी तथा न्यायाधीश कार्यवाहियों को नियंत्रित करने में सक्षम नहीं था। मुझे बाद में यह बताया गया कि इस विशेष न्यायालय कक्ष में ऐसी स्थिति रोज ही घटित होती है। एक ओर आपके पास ऐसी कहानियां हैं कि आपके 'स्थगन' शब्द कहने से पूर्व ही कोई विशेष न्यायाधीश मामलों का निपटान कर देता है, और दूसरी ओर मुझे यह बताया गया कि कोई अन्य न्यायाधीश एक साधारण से आवेदन के लिए आधे घंटे का समय ले लेता है।

दिल्ली के प्रमुख वकील प्राय: भगवान दास मार्ग से भगवंत दास मार्ग की दूरी तय करते हैं, जहां उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थित है। और आज सौभाग्यवश इनमें से दो प्रतिष्ठित वकील जयपुर परिसर में मौजूद हैं। जैसे ही मैंने न्यायालय कक्ष सं. 7 में प्रवेश किया, मैंने यह पाया कि वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल सुब्रमणियम अपने ही अंदाज में कोयला कंपनियों से संबंधित मामलों में जिरह कर रहे थे।

और तब, अकस्मात ही सुब्रमणियम के निवेदन के बाद मामले में सुनवाई बंद हो गई। चारों ओर खुसफुसाहट यह हो रही थी कि दूसरे पक्ष की ओर से पी. चिदम्बरम इस मामले में उपस्थित होंगे। एक घंटे के पश्चात् पूर्व वित मंत्री न्यायालय कक्ष में हाजिर हुए जो अब तक खचाखच भर चुका था। पूरे दिन चली जिरहों की समाप्ति होने पर मामले की सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति अहलुवालिया साफतौर पर थके हुए लग रहे थे।

उच्च न्यायालय के परिसर में एक संग्रहालय भी स्थित है जिसमें राजस्थान में कानूनी पेशे के इतिहास को कालक्रम से चित्रित किया गया है। इस संग्रहालय में विभिन्न दस्तावेज भी रखे गए हैं जिनमें ऐतिहासिक निर्णयों की प्रमाणित प्रतियां तथा उच्च न्यायालय की स्थापना करने में सहायक मूल राजपत्र अधिसूचना शामिल है।

इसमें एक ऐसा खंड भी जो इस बात पर प्रकाश डालता है कि न्यायाधीशों और वकीलों द्वारा चोगे क्यों पहने जाते हैं।

एक पट्टिका पर यह वर्णित है,

"साम्राज्ञी मैरी और सम्राट विलियम गिरजे संबंधी क्रियाकलापों से कानूनी पेशे को पृथक मान्यता प्रदान करने वाले प्रथम राजतंत्र शासक थे। जब 1694 में साम्राज्ञी मैरी का निधन हुआ, तो उसकी प्रजा ने राष्ट्रीय शोक के प्रतीक के रूप में काले वस्त्र धारण किए........कानूनी व्यवसाय के सभी न्यायाधीशों और अन्य सदस्यों ने इसके बाद के वर्षों में निरंतर काले वस्त्र धारण करना जारी रखा ......."

जयपुर स्थित उच्च न्यायालय संग्रहालय

फीता पहनने के संबंध में, यह उल्लेख किया गया है,

"बाइबल के अनुसार, जब मोजेज़ ने सिनाई पर्वत पर चढ़ाई की तो उसे दो पट्टियां प्राप्त हुई जिनमें ईश्वर के दस आदेश लिखे हुए थे। ये दो फीते उन दो पट्टियों का प्रतिनिधित्व करते   हैं .... न्यायाधीशों के दिलों और आत्मा में कानून का वास होता है। ये फीते इस बात का प्रतीक भी हैं कि न्यायाधीश ईश्वर के कार्य का निष्पादन करते हैं।

देश के इन भागों में वे अपनी समृद्ध विरासत और संस्कृति पर अत्यंत गर्व करते हैं तथा यह प्रतीत होता है कि उच्च न्यायालय भी इस तथ्य से अछूता नहीं है।

जहां तक जलपान का संबंध है, उच्च न्यायालय अपने कर्मियों के लिए अधिक सुविधाओं की पेशकश नहीं करता है। इस परिसर में एक जलपान-गृह है जो केवल एक अल्पाहार सुविधा के रूप में ही सेवा प्रदान करता है। इसका संचालन सरस डेयरी द्वारा किया जाता है तथा इसके  व्यंजनों की एक सीमित सूची है। हालांकि यहां की लस्सी और मिल्कशेक पर्याप्त तरोताजगी प्रदान करने वाले हैं।

जलपान गृह के बारे में समीक्षाएं बाद में दी गई है।

वरिष्ठ अधिवक्ता एस.पी. शर्मा

परिसर के बारह, मैंने वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव प्रकाश शर्मा और वीरेन्द्र लोढा से बातचीत की।

ये दोनों अधिवक्ता उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जी.एस. संघवी के कनिष्ठ थे।

प्रो. एन.डी. माथुर

मैंने युनिवर्सिटी फाइव-यीअर लॉ कॉलेज, जयपुर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. एन.डी. माथुर से भी भेंट की। वार्तालाप के दौरान, उन्होंने बताया कि विधि के क्षेत्र से संबंध न रखने के बावजूद भी उन्होंने जयपुर के सर्वाधिक लोकप्रिय महाविद्यालयों में से एक का कुशलतापूर्वक संचालन किया।

इन साक्षात्कारों का पूरा विवरण आगामी दिनों में प्रकाशित किया जाएगा। फिलहाल, मैं जोधपुर स्थित उच्च न्यायालय की प्रधानखंड पीठ की ओर प्रस्थान कर रहा हूं।

इस लेख को बॉर एंड बैंच के साथ किए गए करार के अनुसार NewsPie.in  में प्रकाशित किया गया है ।

कृप्या फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक और शेयर करें, क्योंकि इससे औरों को भी सूचित करने में मदद मिलेगी ।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें